गाज़ियाबाद
महिलाओं ने की बंदरों को पकड़ने की मांग, निगम अधिकारियों के खिलाफ किया प्रदर्शन
4th पिलर न्यूज,गाजियाबाद
राजेंद्र नगर सेक्टर-2 के शांति पार्क पास रविवार को महिलाओं ने बंदरों को पकड़ने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। आरोप है कि बंदरों के कारण सोसायटी में रहना मुश्किल हो गया है। कई बार महिला व बच्चों पर बंदर हमला कर चुके हैं। निगम में शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। समाजसेवी साधना सिंह ने बताया कि बंदरों के भय से लोगों ने पार्क में टहलना बंद कर दिया है। बुजुर्गो पर हमला करके बंदर रोजमर्रा का सामान झपट लेते हैं। छतों पर सूखते कपड़ों को फाड़ देते हैं। निगम के खिलाफ प्रदर्शन करने में माया सत्यावली, वेद शास्त्री, पूनम, सुप्रभा, मुन्नी शास्त्री, पीहू आदि मौजूद रहे। उधर, जोनल प्रभारी राजबीर सिंह ने बताया कि बंदरों को पकड़ने के लिए जल्द ही वन विभाग की टीम के साथ मिलकर अभियान चलाया जाएगा।